Varanasi Weather: हवा के साथ बढ़ रही ठंड की रफ्तार, काशी में 14.5 डिग्री पहुंचा रात का तापमान, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। काशी में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। रात के तापमान में गिरावट के साथ मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। सोमवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, मंगलवार को लोगों को मौसम में ठंडक का अहसास हुआ। धूप निकलने के बावजूद हल्की सिहरन महसूस की गई। हवा के साथ ही ठंड भी रफ्तार पकड़ रही है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी तेजी से गिरावट के आसार हैं।
मौसम में बदलाव के साथ हवा की रफ्तार भी बढ़ी है। मंगलवार को करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली। इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। मौसम के इस बदलाव से लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है।
आंकड़ों के अनुसार, सोमवार रात न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते सुबह-शाम ठंडक का एहसास बढ़ने लगा है।

