Varanasi Weather: दो दिन से धीमी पड़ी बारिश की रफ्तार, दो डिग्री चढ़ा पारा, उमस और गर्मी बढ़ी, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ ही वाराणसी में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के बाद शुक्रवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। महज दो दिनों में अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। इससे उमस और गर्मी महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 

शुक्रवार को दोपहर में बारिश नहीं हुई। इसके चलते धूप निकलने के साथ ही वातावरण में गर्मी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।

123

धूप निकलने से बढ़ी उमस
शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर के समय बारिश नहीं हुई। इसके बाद धूप निकलने से वातावरण में उमस बढ़ गई। गर्मी और उमस के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद मौसम में आई ठंडक भी शुक्रवार को काफी हद तक कम हो गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर हुई है। इसके चलते अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के साथ तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

तीन दिन बाद फिर बारिश के आसार
मौसम विभाग की ओर से अगले दो से तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने का अनुमान जताया गया है। इसके बाद बारिश के आसार फिर बढ़ सकते हैं। शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और स्थानीय स्तर पर बारिश की संभावना बनी हुई है।

Share this story