Varanasi Weather : कोहरे की चादर में लिपटी रही सुबह, दो दिन कोहरे का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड, जानिये अगले सप्ताह के मौसम का हाल
वाराणसी। जनपद समेत आसपास के इलाकों में ठंड और कोहरे का प्रकोप बढ़ने लगा है। रविवार की सुबह कोहरे की चांदर में लिपटी रही। शनिवार को भी कोहरा रहा। मौसम विभाग की ओर से दो दिन कोहरा का अलर्ट जारी किया गया है। शीतलहर के चलते अगले सप्ताह से कड़ाके का दौर शुरू होने के आसार हैं।

शनिवार की सुबह घना कोहरा रहा। इससे दृश्यता घटकर 100 मीटर से कम रह गई। वहीं तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। दिन में तापमान औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम होकर 23.4 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस घटकर 9.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 दिसंबर के बाद वाराणसी में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो सकता है। तापमान में गिरावट के साथ ही शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग की ओर से दो दिन कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।



