Varanasi Weather: अप्रैल में तवे की तरह तपी धरती, पारा 43 डिग्री के पार, फिलहाल गर्मी से राहत के नहीं आसार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आसमान से बरसती आग जैसी तेज धूप और लू के थपेड़ों ने गुरुवार को जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरा वातावरण तपने लगा। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। 

123

लगातार बढ़ती गर्मी के चलते बनारस प्रदेश का तीसरा और देश का छठा सबसे गर्म शहर बन गया है। खास बात यह रही कि राजस्थान के जैसलमेर जैसे गर्म क्षेत्र को भी वाराणसी ने पीछे छोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी राहत के आसार नहीं हैं और रविवार तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

123

गुरुवार सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। सुबह 10 बजे के बाद ही बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर तक तापमान तेजी से बढ़ा और सामान्य से करीब 3.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।बीते छह दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो तापमान लगातार 42 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है। 19 अप्रैल को 44.2 डिग्री और 20 अप्रैल को 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे गर्म दिनों में शामिल रहे।

गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते नजर आए। सड़कों पर निकलने वाली युवतियां और महिलाएं कपड़े से चेहरा ढंककर धूप से बचाव करती दिखीं। वहीं तेज लू और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

Share this story