Varanasi Weather: पश्चिमी विक्षोभ के असर से बढ़ी ठंड, दिन में छाए रहे बादल, जानिये कैसा रहेगा आगे का मौसम
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को जिले में मौसम का मिजाज बदला रहा। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और हल्की सिहरन महसूस की गई। अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम में आए इस बदलाव के कारण दिन में लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। दोपहर एक बजे तक धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का दौर जारी रहा। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान में लगभग 3.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते क्षेत्र में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक उतार-चढ़ाव हो सकता है। साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद ठंड में फिर हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बादलों और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।

