Varanasi Weather: तीखी धूप से 41 डिग्री ऊपर पहुंचा तापमान, बनारस प्रदेश में चौथा सबसे गर्म शहर, जानिये कब होगी बारिश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में तपिश और उमस का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को वाराणसी प्रदेश का चौथा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अत्यधिक उमस के कारण लोगों को 51.3 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। 17 जून को वाराणसी में बारिश के आसार हैं। उसके बाद गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। 

123

मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी से अधिक तापमान बांदा, प्रयागराज और हमीरपुर में दर्ज किया गया। झांसी में तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा। काशी में दिनभर गर्म हवा करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही, जिससे दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।

सोमवार को धूप काफी तेज रही और हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस ने परेशानी और बढ़ा दी। सुबह से ही गर्मी का असर महसूस होने लगा था। दोपहर तक स्थिति और अधिक असहज हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक हवा में नमी करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, जिसके कारण वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी का अनुभव हुआ।

123

आईएमडी के अनुसार बिहार में मानसून पहुंच चुका है और इसका असर जल्द ही उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। संभावना जताई जा रही है कि अगले 10 दिनों में पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो सकता है। काशी में 17 जून को बारिश की संभावना भी जताई गई है। बारिश होने पर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this story