Varanasi Weather : वाराणसी में तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर, मार्च की दस्तक के साथ ही असर दिखाने लगी गर्मी, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मार्च में गर्मी असर दिखाएगी। इसकी बानगी महीने की शुरुआत से ही हो चुकी है। मार्च के पहले दिन तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस माह तापमान 40 डिग्री के पार जाएगा। साथ ही हीट वेव भी झेलनी पड़ेगी। 

शनिवार को दिन का तापमान 2.4 डिग्री बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार भी 7-8 किलोमीटर प्रति घंटा रही। 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह से साफ होगा। सुबह से शाम तक धूप रहेगी। इससे तापमान में और इजाफा होगा। मार्च में ही अप्रैल और मई जैसी गर्मी देखने को मिल सकती है। 

फरवरी में भी वाराणसी का तापमान औसत से अधिक रहा। तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इसके साथ ही वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला बन गया। फरवरी में दो बार ऐसा हुआ जब वाराणसी प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा। 

पिछले साल गर्मी से तोड़े रिकॉर्ड 
पिछले साल मई और जून में गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। तापमान 48 डिग्री तक पहुंचा। वहीं हीट वेव ने भी लोगों को झुलसाया। इसका आलम रहा कि सुबह से देर रात तक गुलजार रहने वाले काशी के गंगा घाटों पर सुबह 9 बजे से ही सन्नाटा पसर जाता था।

Share this story