Varanasi Weather: वाराणसी में बेमौसम बरसात से गिरा तापमान, 6 डिग्री नीचे आया पारा, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते हुए बेमौसम बरसात से तापमान में गिरावट आई है। पारा लगभग 6 डिग्री नीचे गिरा है। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली है। वहीं ठंड और सिहरन महसूस होने लगी है। हालांकि यह बदलाव अस्थायी है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 22 मार्च के बाद मौसम साफ होगा और तेजी से तापमान ऊपर जाएगा। तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। 

शहर में 20-21 मार्च के बीच हुई बेमौसम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। इस बारिश के साथ मार्च महीने की क्रोनोलॉजी भी चार साल पीछे चली गई है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ देखने को मिला है। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे दिन में ठंडक बनी रही और रात में सिहरन का एहसास हुआ। शुक्रवार को बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आई। अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।

बारिश का असर शहर ही नहीं, आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी देखा गया। लेहरतारा, मंडुवाडीह, शिवपुर, भिखारीपुर और चांदपुर समेत कई क्षेत्रों में देर रात तक बूंदाबांदी होती रही। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी है। अगले 5 से 6 दिनों तक बारिश की संभावना कम है और धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 7 से 10 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी फिर से अपना असर दिखाने लगेगी।

Share this story