Varanasi Weather: मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट, दो दिन बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को दिन में धूप के बावजूद तापमान में गिरावट देखी गई। हालांकि, एक दिन बाद मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अप्रैल को बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

सोमवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 50 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि शाम तक इसमें कमी आने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 अप्रैल को आसमान साफ रहने पर तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। 8 अप्रैल को मौसम में बदलाव के संकेत हैं, आंशिक बादल छाने के साथ शाम या रात में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

Rain

9 अप्रैल को भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। 10 अप्रैल के बाद फिर से आसमान साफ होने और तापमान में वृद्धि के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार जा सकता है। वहीं 7 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में तेज हवाएं (40 से 50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना भी जताई गई है।

Share this story