Varanasi Weather : नौतपा के पहले दिन 37 डिग्री से नीचे रहा तापमान, अरब सागर की नम हवाओं ने गिराया पारा, जानिये आगे के मौसम का हाल  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आमतौर पर नौतपा के दौरान नौ दिनों तक सूरज की सीधी किरणों से धरती तप जाती है। इस दौरान भीषण गर्मी और तपिश से जनमानस बेहाल हो जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। नौतपा के पहले दिन रविवार को वाराणसी का तापमान 37 डिग्री से नीचे रहा। अरब सागर से आ रही नम हवाओं ने तापमान गिरा दिया। मौसम विशेषज्ञों ने नौतपा के दौरान आंधी और बारिश के आसार जताए हैं। 

नौतपा के दौरान तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता था। सुबह से शाम तक आसमान से आग बरसती है। ऐसे में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता था। पिछले साल तो गर्मी ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। हालांकि इस बार राहत है। नम हवाओं के चलते बने चक्रवात के कारण तापमान काबू में है। नमी की वजह से उमस परेशान कर रही, लेकिन तपिश का असर काफी कम है। 

मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बार नौतपा के नौ दिनों में बारिश हो सकती है। 30 और 31 मई को बारिश के आसार हैं। बताया कि अरब सागर से आने वाली नम हवाओं ने शनिवार को ही यूपी में प्रवेश कर लिया। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल चुका है। सप्ताह के अंत तक पूर्वांचल में भी बारिश के आसार हैं।

Share this story