Varanasi Weather: बादलों की आवाजाही से गिरा तापमान, मौसम में उतार-चढ़ाव, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। पिछले दो दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही और हवा में बढ़ी नमी के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। शुक्रवार को दिन भर तेज धूप नहीं निकली, जिससे लोगों ने अपेक्षाकृत राहत महसूस की। शनिवार को आंधी के आसार हैं। उसके बाद आसमान साफ होगा और तीखी धूप एक बार फिर तापमान बढाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बादलों की मौजूदगी के कारण सूर्य की तपिश में कमी आई है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार को आंधी आने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम साफ होने के आसार हैं और तेज धूप निकलने के साथ तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बादलों और नम हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल रही है।

