Varanasi Weather: वाराणसी में बारिश के बाद 7 डिग्री गिरा तापमान, दो दिन बाद फिर बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते वाराणसी में शुक्रवार की शाम तेज हवा के साथ बारिश हुई। रात तक बारिश का दौर जारी रहा। रूक-रूककर बूंदाबांदी होती रही। इससे तापमान में गिरावट आई है। पारा 7 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दो दिन बाद फिर मौसम बदल सकता है और बारिश के आसार हैं।
शुक्रवार को दिन आसमान में बादलों की सक्रियता रही। बादल मंडराते रहे। शाम के वक्त तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। वाराणसी में पांच मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हवा के साथ बारिश के प्रभाव के चलते तापमान में गिरावट आई है। वाराणसी में तापमान 7 डिग्री नीचे गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

बेमौसम बारिश से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन फसलों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। खेतों में खड़ी गेहूं और दलहनी, तिलहनी फसलों को नुकसान हुआ है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश हुई। विक्षोभ की तीसरी शाखा दो दिन में सक्रिय होगी। इसके प्रभाव के चलते 31 मार्च से 1 अप्रैल तक बारिश के आसार हैं।

