Varanasi Weather: बारिश के बाद 10 डिग्री तक गिरा तापमान, आंधी से नुकसान, चार दिनों तक प्री मानसून की बारिश के आसार
वाराणसी। लगातार दूसरे दिन देश का दूसरा सबसे गर्म शहर बनने के बाद बुधवार शाम वाराणसी के मौसम ने अचानक करवट लिया। तेज धूल भरी आंधी और बारिश के चलते महज एक घंटे में तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार दोपहर तक शहर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक था। शाम करीब छह बजे 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और इसके साथ ही बारिश शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण एक घंटे के भीतर तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिन में जहां गर्मी के कारण लोग बेहाल थे, वहीं शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत अधिक समय तक रहने वाली नहीं है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में अभी मानसून की सक्रियता नहीं है और वर्तमान में प्री-मानसून गतिविधियां चल रही हैं। अगले चार दिनों तक इसी तरह आंधी, बारिश और लू की स्थिति बनी रह सकती है।

तेज आंधी के कारण जिले के कई क्षेत्रों में नुकसान हुआ। आशापुर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ गिर जाने से आशापुर-बछांव मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
मंडुवाडीह, कैंट, लंका, चेतगंज, महमूरगंज, रथयात्रा, राजातालाब, मिर्जामुराद, भेलूपुर और गोदौलिया समेत कई इलाकों में धूल भरी आंधी और बारिश का असर देखा गया। विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण अचानक तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की घटनाएं जारी रह सकती हैं।

