Varanasi Weather: बारिश के बाद सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान, फिर बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते वाराणसी और आसपास के जिलों में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। शुक्रवार और शनिवार को मौसम बिगड़ने और बारिश के चलते वाराणसी में तापमान औसत से नीचे पहुंच गया। शनिवार को वाराणसी का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री नीचे गिरकर 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 31 मार्च को वाराणसी समेत पूर्वांचल में मौसम फिर बिगड़ सकता है। 

शुक्रवार की रात वाराणसी में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। बिजली कड़कने के साथ बूंदाबांदी हुई। इस दौरान हवा की भी रफ्तार अधिक रही। इसके चलते वाराणसी में औसत से अधिक रहा तापमान लुढ़ककर नीचे पहुंच गया। वहीं लोगों को सिहरन और ठंड महसूस हुई। शनिवार को दिन में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कभी धूप तो कभी छांव का खेल जारी रहा। तेज हवा के साथ बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 31 मार्च को फिर देखने को मिलेगा। खासतौर से पूर्वांचल और वाराणसी में बारिश हो सकती है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। बेमौसम बरसात किसानों के लिए मुसीबत का सबब बन रही है। इस समय रवी फसलें पककर खेतों में तैयार हैं। बारिश के गेहूं के साथ ही दलहनी और तिलहनी फसलों को खासा नुकसान हुआ है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

Share this story