Varanasi Weather: कम होने लगी धूप की तल्खी, सामान्य के आसपास तापमान, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। गुरुवार को दिनभर धुंधली धूप छाई रही। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 1.6 डिग्री कम रहा। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। दिन में धूप की तीव्रता कम रहने से मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। अगले सप्ताह बारिश को लेकर फिलहाल किसी तरह की चेतावनी नहीं है। ऐसे में आसमान साफ रहने के साथ धूप और बादलों की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम में बदलाव के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव का असर सुबह और शाम के समय अधिक महसूस होने लगा है। अक्टूबर के शुरुआती दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों में सुबह-शाम के वक्त सिहरन बढ़ सकती है।

