Varanasi Weather: वाराणसी में भीषण गर्मी, पारा 44 के पार, दो दिन में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अप्रैल के आखिरी दिनों में वाराणसी में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 44-45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इससे न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में राहत। वहीं लू के थपेड़े भी झुलसा रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 28 अप्रैल से मौसम बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। वहीं तपिश का असर भी कम होगा। 

123

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों से शहर की सड़कों पर ऐसा महसूस हो रहा है जैसे गर्म हवा की लपटें चल रही हों। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि देर शाम मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला और तापमान गिरकर रात 6:30 बजे 38 डिग्री तथा रात 9 बजे 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दिन की तुलना में यह 2.2 डिग्री घटकर 26.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में मौसम में बदलाव संभव है। 27 और 28 अप्रैल के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत सहित पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 28 अप्रैल तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

123

रविवार की शाम को आसमान में हल्के बादल नजर आए और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि यह राहत बहुत कम समय के लिए रही, लेकिन इससे मौसम में हल्की नरमी जरूर आई। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश होने पर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके अलावा तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

Share this story