Varanasi Weather: वाराणसी में भीषण गर्मी, उमड़ने लगे बादल, तीन दिन बाद दस्तक देगा मानसून   

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में मानसून इस वर्ष अपने सामान्य समय से लगभग एक सप्ताह देरी से पहुंचने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वांचल में बिहार की दिशा से बादलों की सक्रियता बढ़ने लगी है और 28 या 29 जून तक वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों में मानसून दस्तक दे सकता है। पिछले वर्ष मानसून 17 जून को ही काशी पहुंच गया था, जबकि इस बार इसके करीब 11 दिन विलंब से आने का अनुमान है।

123

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में वाराणसी में मानसून 20 से 23 जून के बीच पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी गति धीमी रही। 27 जून तक वाराणसी और आसपास के इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना 28 जून के बाद ही बन रही है। मानसून के आगमन के समय 3 से 4 दिनों तक तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बीते कुछ दिनों से काशी में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब 15 दिनों बाद तापमान 30 डिग्री से नीचे आया है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली है।

123

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देर रात लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ क्षेत्रों में लगभग 3 मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद मानसून की सक्रियता बढ़ने पर काशी समेत पूरे पूर्वांचल में बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this story