Varanasi Weather: वाराणसी में दिसंबर के दूसरे पखवारे में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा, रात में गिरेगा पारा
वाराणसी। काशी में फिलहाल मौसम का मिजाज सामान्य बना हुआ है। दिन में हल्की गर्माहट के बीच रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज हो रही है, लेकिन कड़ाके की ठंड के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 15 दिसंबर के आसपास से ठंड का असर तेज होने की संभावना है। इसके बाद ही गलन और शीतलहर जैसी परिस्थितियां बनने के आसार हैं। प्रशांत महासागर में अलनीनो के प्रभाव के चलते नवंबर में तापमान सामान्य रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुलाबी ठंड का असर सप्ताहभर बाद महसूस होना शुरू हो सकता है। हालांकि, नवंबर में रात के तापमान में थोड़ी गिरावट के बावजूद दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 32.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 85 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिसंबर के मध्य तक तापमान में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है। 15 दिसंबर के बाद ठंड में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में काशीवासियों को दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में सर्दी के लिए तैयार रहना होगा।

