Varanasi Weather : धूप से राहत, वाराणसी में पारा 23 डिग्री के पार, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। धूप अब असरदार होने लगी है। इससे ठंड और गलन से लोगों को काफी राहत मिली है। रविवार को वाराणसी का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। शाम ढलने के बाद गलन और ठंड का असर रहा। सोमवार को भी सुबह से ही अच्छी धूप खिली है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिन के समय धूप तेज रहने से सड़कों और बाजारों में रौनक दिखी। लोग धूप सेंकते नजर आए और सामान्य गतिविधियां बढ़ीं। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान में खास सुधार नहीं हुआ, जिससे रात और सुबह के समय ठंड का असर बरकरार रहा।

बीते दिनों की तुलना में रविवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बदलाव दर्ज किया गया। शनिवार को जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा था, वहीं रविवार को यह 7.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। ठंडी पछुआ हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई और गलन बढ़ गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप असरदार रही। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक दिन में धूप और रात में सर्दी का यही क्रम जारी रहने के आसार हैं। ठंड के इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए चिकित्सकों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।



