Varanasi Weather: वाराणसी में दो दिन लू का रेड अलर्ट, 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी गर्म हवाएं, 47 डिग्री पहुंचेगा तापमान
वाराणसी। भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने इस वर्ष पहली बार शहर में लगातार दो दिनों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। 22 और 23 मई को गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। बुधवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहा।

विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने के कारण गर्मी का असर और बढ़ेगा। पूर्वांचल सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे लू की स्थिति गंभीर हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

गर्मी के कारण शहर की सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा दिखाई दिया। लोग तेज धूप से बचने के लिए गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते नजर आए। वहीं ठंडे पेय पदार्थ और शिकंजी की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।


