Varanasi Weather: वाराणसी में तेज हवा के साथ बारिश, फिर भी गर्मी से नहीं मिली राहत, उमस ने किया बेहाल, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शनिवार की रात हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं के बावजूद वाराणसी में गर्मी का असर कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शहर में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई और रातभर लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं, फिर भी काशी प्रदेश की सबसे गर्म रात वाला शहर बना रहा। 9 और 10 जून को बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के आसार हैं। 

मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के समय तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं होने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद रात में भी गर्मी का प्रभाव बना रहा।

123

विशेषज्ञों के अनुसार 41.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बनारस प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 21 से 22 जून तक मानसून केरल को पार कर कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश तथा पूर्वोत्तर भारत तक पहुंच सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे इसकी प्रगति उत्तर भारत की ओर होगी।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए 20 जून तक मानसून के पूर्वी हिस्से के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना बन रही है। हालांकि प्रदेश में मानसून के आगमन की सटीक तिथि मौसमीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

इस बीच अगले दो दिनों तक वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को हल्के बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

Share this story