Varanasi Weather: वाराणसी में तेज आंधी के साथ बारिश, दो दिन ऑरेंज अलर्ट, गर्मी से मिली राहत
वाराणसी। पिछले एक सप्ताह से भीषण लू और गर्मी से जूझ रहे काशीवासियों को शुक्रवार की भोर में तेज आंधी और बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली। झोंकेदार हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मई के दूसरे पखवारे में गर्मी चरम पर थी। तीखी धूप के साथ गर्म पछुआ हवाओं के प्रभाव के चलते तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। इससे गर्मी और तपिश से लोग बेहाल हो गए थे। पिछले दो दिनों से पुरवा हवा का असर देखने को मिला। शुक्रवार की भोर में वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आगामी दो दिनों तक आंधी-बारिश के आसार हैं। 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवा के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का भी प्रकोप है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

