Varanasi Weather: देव दीपावली पर बारिश का साया, 21 से 23 नवंबर तक यलो अलर्ट, तीन से पांच डिग्री गिरेगा पारा

WhatsApp Channel Join Now

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से पूर्वांचल में बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश और कोहरे के आसार

वाराणसी। काशी में देव दीपावली के भव्य आयोजन पर मौसम की मार पड़ने की आशंका है। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में 21 से 23 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात में ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर भी तेज हो सकता है। गंगा के 84 घाटों को लाखों दीपों से रोशन करने की तैयारियों के बीच बारिश की आशंका ने आयोजकों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

शुक्रवार को काशी में मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा। सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली, लेकिन कुछ देर बाद बादलों ने आसमान में डेरा जमा लिया। दिन में धूप निकलने के बावजूद अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच सका। हल्की हवा के कारण धूप में भी ठंड का एहसास होता रहा। शाम होते ही तापमान में तेजी से गिरावट शुरू हो गई। रात आठ बजे तक पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रही।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान बंगाल की खाड़ी से पूर्वी तट पार करने के बाद उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार तक यह ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में केंद्रित था। इसके प्रभाव से पूर्वांचल के मौसम में बदलाव आने और कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आ सकती है। सुबह और रात में ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का प्रभाव भी बढ़ेगा।

दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर पड़ सकता है असर
देव दीपावली पर काशी के 84 घाटों पर दीपदान, गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घाटों पर दीप सजाने से लेकर विद्युत सजावट और श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ऐसे में 21 से 23 नवंबर के बीच बारिश हुई तो खुले घाटों पर दीपदान, सजावट और सांस्कृतिक आयोजनों में बाधा आ सकती है। दीपों को सुरक्षित रखने, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की चुनौती भी बढ़ सकती है।

बाहरी श्रद्धालुओं को भी होगी परेशानी
मौसम में बदलाव के साथ ठंड और कोहरे का असर बढ़ने से देव दीपावली पर देशभर से काशी आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो सकती है। खासकर रात में घाटों पर ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण दिक्कतें बढ़ने की आशंका है। फिलहाल आयोजन की तैयारियां जारी हैं और प्रशासन तथा आयोजकों की नजर मौसम विभाग के अगले पूर्वानुमान पर टिकी है।

BK Pathak
BK Pathak

21891 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story