Varanasi Weather: वाराणसी के कई इलाकों में बारिश, गर्मी से मिली राहत, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। काशी में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शहर के कई इलाकों में तेज बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश से पहले तेज धूप के चलते तापमान और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। दोपहर में हुई बारिश के बाद तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।
मंगलवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में बारिश के बाद तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बारिश के दौरान हवाएं भी तेज रहीं और करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।

अगले सप्ताह हल्की बारिश के आसार
मौसम में बदलाव के बीच लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। हालांकि बारिश पूरे शहर में एक समान नहीं हुई। कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग की ओर से आगामी सप्ताह के लिए बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

