Varanasi Weather : वाराणसी में जारी है बारिश का दौर, भारी बारिश का अलर्ट, जानिये अगले एक सप्ताह के मौसम का हाल
वाराणसी। जिले में बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले दो-तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने के आसार हैं। अगस्त के आखिरी दिनों में बारिश में कमी आ सकती है।
अगस्त माह में अब तक 410 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी है, जबकि वर्ष 2025 में सावन के 30 दिनों में 374.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि अगस्त माह समाप्त होने में अभी चार दिन बाकी हैं। ऐसे में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त में बीते 10 वर्षों के दौरान हुई बारिश का रिकॉर्ड भी इस बार टूट गया है। लगातार सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों के कारण काशी में बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को हुई बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली।
आज भी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की सक्रियता के चलते काशी समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अगस्त के अंतिम दिनों में प्रदेश में मानसूनी बारिश में कमी आने के आसार हैं। हालांकि अगले एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगस्त में बारिश का आंकड़ा 450 मिलीमीटर तक पहुंच सकता है। यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होती है तो यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। लगातार हो रही बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन रही है। इसके बावजूद तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

