Varanasi Weather: वाराणसी में आज भी बारिश का अलर्ट, मूसलाधार बारिश के आसार, 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी हवा
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ व चक्रवाती परिसंचरण के चलते मई में मौसम बदला हुआ है। चिलचिलाती धूप, लू के थपेड़ों और उमसभरी गर्मी की बजाय मई में सिहरन महसूस हो रही है। आएदिन बारिश-बूंदाबांदी और नमीयुक्त हवा के चलते तापमान औसत से काफी नीचे चला गया है। बुधवार को भी वाराणसी में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। 10 मई तक आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। 
मंगलवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखा गया, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। खास बात यह रही कि 17 वर्षों में तीसरी बार मई महीने में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सोमवार रात न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि वातावरण में नमी 78 प्रतिशत तक पहुंच गई। तेज हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार को भी बारिश के आसार हैं। मूसलाधार बारिश हो सकती है। 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

