Varanasi Weather: आंधी-बारिश से कई जगह गिरे पोल, तार और पेड़, फसलों को नुकसान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बुधवार को अचानक बदले मौसम ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दी, वहीं तेज आंधी और बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में खासा नुकसान भी पहुंचाया। चिरईगांव क्षेत्र में हुई बारिश और तेज हवाओं से किसानों की फसलों को भारी क्षति होने की आशंका जताई जा रही है।

123

विशेष रूप से खरबूज और तरबूज जैसी फसलों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। वहीं लता वाली सब्जियां जैसे नेनुआ, लौकी, खीरा, ककड़ी और करेला भी तेज हवा के चलते प्रभावित हुई हैं। आम के पेड़ों से बड़ी संख्या में फल गिरने से बागवानों को नुकसान हुआ है, जबकि फालसा की फसल को भी भारी क्षति पहुंचने की बात सामने आई है, जिससे किसानों को आर्थिक झटका लग सकता है।

तेज हवा के कारण बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। राजघाट काशी फीडर से जुड़े सलारपुर क्षेत्र में 200 केवी ट्रांसफार्मर के पास पीपल का विशाल पेड़ गिर गया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई स्थानों पर खंभे टूटने और तारों के क्षतिग्रस्त होने से सलारपुर, खालिसपुर, कोटवां समेत दर्जनों गांवों में अंधेरा छा गया। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

वहीं लोहता क्षेत्र में छितौनी गांव में 11 हजार केवी का बिजली पोल गिर गया, जिससे कई गांवों में घंटों बिजली बाधित रहने की आशंका है। आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।

अकेलवा-मंगलपुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास और सुरही गांव में पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया था। सूचना पर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हालांकि, मौसम के इस बदलाव ने राहत के साथ-साथ जनजीवन और किसानों के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं।

Share this story