Varanasi Weather : शीतलहर और गलन से जनजीवन प्रभावित, अभी ठंड से राहत नहीं, जानिये मौसम विभाग का अलर्ट
वाराणसी। साल के आखिरी दिनों में पारा लुढकता जा रहा है। 2025 की अंतिम रात सबसे सर्द रही। पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। अभी कुछ दिनों तक गलन और कोहरे का दौर जारी रहेगा।

सुबह से ही घना कोहरा छाए रहने के कारण धूप निकलने में देरी हुई। दिन में धूप खिली, लेकिन गलन से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है।

ठंड का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दिया। सुबह-शाम सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात पर भी असर पड़ा, कई ट्रेनें देरी से चलीं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और घने कोहरे की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

