Varanasi Weather: दो दिन में 60 मिमी से अधिक बारिश, अब तक 231 मिमी बरसात, अगले दो दिन बारिश के आसार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में पिछले दो दिनों के दौरान हुई 60 मिलीमीटर से अधिक बारिश के बाद मौसम में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है। लगातार हुई वर्षा से शहरवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार सारनाथ, बाबतपुर, जौनपुर, अयोध्या, भदोही, चुर्क और महराजगंज सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक जिले में अब तक 231 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जबकि इस अवधि तक सामान्य रूप से 407 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी जिले में अभी भी सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज हुई है।

123

विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि इस दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसूनी द्रोणी (मानसून ट्रफ) अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसककर अनुपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, छपरा होते हुए मणिपुर तक गुजर रही है। साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि गंगा के मैदानी क्षेत्रों में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश में सामान्य मानसूनी परिस्थितियों के प्रभाव से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Share this story