Varanasi Weather: वाराणसी में 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश, दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, बारिश के आसार
वाराणसी। काशी में मंगलवार को मानसून ने अचानक करवट ली और महज कुछ घंटों में जोरदार बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। कम वायुदाब के क्षेत्र और मानसून ट्रफ रेखा के काशी के ऊपर से गुजरने के कारण जिले में तेज बारिश हुई। मंगलवार को 12 घंटे के दौरान काशी में करीब 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। बारिश के आसार हैं।
मंगलवार को जिले में सबसे अधिक 160 मिमी बारिश राजातालाब में रिकॉर्ड की गई। पूरे जिले में औसतन करीब 150 मिमी बारिश हुई, जबकि बीएचयू में लगभग 144.5 मिमी पानी दर्ज किया गया। सोमवार रात से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक वाराणसी में बारिश हुई। इसके बाद दिन में भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। पूरे दिन हवा की गति करीब 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रही। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम छह बजे के बाद तापमान गिरकर करीब 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

लगातार बारिश से जिले में मानसूनी बारिश की कमी भी तेजी से कम हुई है। पिछले दो महीने से जिले में सामान्य से 30 से 50 फीसदी तक बारिश की कमी चल रही थी। पिछले 72 घंटे में हुई बारिश के बाद यह घाटा घटकर महज तीन फीसदी रह गया है। जिले में मानसून सीजन में अब तक करीब 555.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि 50 वर्षों के औसत के अनुसार इस अवधि तक करीब 573.5 मिमी बारिश होनी चाहिए।

27 अगस्त तक सक्रिय रह सकता है मानसून
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश का दौर बुधवार और बृहस्पतिवार तक जारी रह सकता है। मानसून ट्रफ रेखा काशी के ऊपर से गुजर रही है और झारखंड तथा आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता 27 अगस्त तक बनी रह सकती है। अगले 24 घंटे में भी काशी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।

