Varanasi Weather : मानसून की रफ्तार धीमी, भीषण गर्मी से तप रही काशी, बारिश का इंतजार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जून का महीना समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, लेकिन काशी में मानसून की दस्तक अब भी दूर नजर आ रही है। सामान्यतः इस समय तक बारिश की फुहारों से मौसम सुहावना होने लगता है, लेकिन इस वर्ष हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। भीषण गर्मी, लू के थपेड़े और तेज धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मानसून बिहार में अटका है। एक सप्ताह में इसके पूर्वांचल पहुंचने के आसार हैं। उसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।  

रविवार को वाराणसी एक बार फिर प्रदेश और देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक है। इस तापमान के साथ वाराणसी उत्तर प्रदेश और देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा।

दिन के समय तीखी धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। दोपहर के समय शहर की प्रमुख सड़कें, बाजार और सार्वजनिक स्थान अपेक्षाकृत सूने दिखाई दिए। आवश्यक कार्यों के अलावा लोग बाहर निकलने से बचते रहे। घाटों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली।

हालांकि रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। इसके बावजूद उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी। भदोही में 31.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज होने के बाद वाराणसी प्रदेश की दूसरी सबसे गर्म रात वाला शहर रहा।

रविवार को लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवाओं ने गर्मी के असर को और बढ़ा दिया। हवा में नमी का स्तर घटकर 35 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे वातावरण पूरी तरह शुष्क और तपता हुआ महसूस हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कम नमी और तेज गर्म हवाएं लू जैसी परिस्थितियों को और गंभीर बना रही हैं।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार पूर्वांचल क्षेत्र में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां सक्रिय नहीं हैं। इसके चलते तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। उन्होंने बताया कि वाराणसी, प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले चार से पांच दिनों तक लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। निकट भविष्य में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिखाई दे रही है।

मानसून इस बार एक सप्ताह लेट
मौसम विभाग का अनुमान है कि सामान्य परिस्थितियों में 23 जून तक वाराणसी में मानसून पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसके लगभग एक सप्ताह देर से आने की संभावना है। यदि मौसम की वर्तमान स्थिति बनी रही तो लोगों को कुछ और दिनों तक तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

Share this story