Varanasi Weather: काशी में मानसून की बेरुखी, मंडरा रहे बादल पर बरसे नहीं, जानिये कब होगी बारिश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी में मानसून की दस्तक के बावजूद झमाझम बारिश का इंतजार अभी भी खत्म नहीं हुआ है। पिछले दो दिनों से आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही और उमस भरे मौसम के बावजूद बारिश नहीं होने से लोगों को निराशा हाथ लगी है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून वाराणसी से करीब 20 से 25 किलोमीटर की दूरी तक पहुंच चुका है, जबकि उसकी अग्रिम शाखा चंदौली तक पहुंच गई है। इसके बावजूद काशी में अपेक्षित वर्षा नहीं हो सकी है।

123

मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई बार ऐसा लगा कि बारिश शुरू होगी, लेकिन बादल बिना बरसे ही आगे बढ़ गए। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने के बाद मानसून के अगले चरण में वाराणसी में अच्छी बारिश होने की संभावना है। फिलहाल 5 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

123

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यदि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं पूरी तरह सक्रिय होती हैं तो जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी वर्षा देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से भी राहत मिलेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने गर्मी के असर को कुछ हद तक कम किया। जून माह में वाराणसी में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई। पूरे महीने में केवल 6.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से बेहद कम है।

Share this story