Varanasi Weather: देरी से आया और देरी से लौटेगा मानसून, आज भी भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी से इस बार मानसून की विदाई निर्धारित समय से करीब सात दिन की देरी से होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वाराणसी से मानसून की वापसी 10 से 12 अक्टूबर के बीच हो सकती है। सामान्य तौर पर मानसून पांच अक्टूबर तक लौट जाता है, लेकिन इस बार मौसम में बने बदलावों के कारण इसकी विदाई करीब एक सप्ताह आगे खिसक गई है।

123

मौसम विभाग ने लौटते हुए मानसून का मैप जारी करते हुए बताया कि आमतौर पर पांच अक्टूबर तक मानसून के बादल लौटने लगते हैं, लेकिन इस बार इनके एक सप्ताह बाद लौटने के आसार हैं। इससे अक्टूबर के शुरुआती दिनों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

 

मानसून एक जुलाई को सात दिन की देरी से काशी पहुंचा था। सोमवार को वाराणसी में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हवा करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। सोमवार सुबह करीब आधे घंटे हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और उमस से लोगों को राहत मिली।

123

सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के चलते दिन में भी मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहा।

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार को वाराणसी में भारी बारिश की संभावना है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को तेज बारिश के साथ हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इसके बाद धीरे-धीरे मानसून की गतिविधियां कमजोर होने की उम्मीद है।

Share this story