Varanasi Weather: वाराणसी में 37 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा, चली गर्म हवा, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का असर दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को पहली बार गर्म हवा के झोंकों ने लोगों को परेशान कर दिया। तापमान औसत से 5.9 डिग्री ऊपर होकर 37.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा।
मौसम के आंकड़ों के अनुसार काशी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री अधिक 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तेज धूप और गर्म हवा के कारण दिन में लू जैसा माहौल महसूस हुआ। पिछले दिनों की तुलना में दिन और रात के तापमान के अंतर में भी कमी आई है, जिससे गर्मी का प्रभाव और ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

