Varanasi Weather : धूप के साथ बनारस में फिर चढ़ने लगा पारा, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पिछले सप्ताह के अंत में बादलों की आवाजाही और हल्की नमी के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार सुबह जहां ठंडी और नम हवाएं चलीं, वहीं दोपहर होते-होते तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। दिन में धूप अन्य दिनों की तुलना में अधिक तीखी महसूस की गई, जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिनों बादलों के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब आसमान साफ होने के साथ ही गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। सुबह के समय हल्की ठंडक और हवा की नमी से लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण उमस और गर्मी बढ़ गई।

123

पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान रविवार के 33.5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर सोमवार को 35.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो औसत से 3.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 18.2 डिग्री से बढ़कर 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम में आए इस बदलाव के चलते दिन और रात के तापमान में अंतर कम हो रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे और तेज होगा। लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय धूप से बचाव करें, पर्याप्त पानी पिएं और आवश्यक सावधानियां बरतें, ताकि गर्मी से होने वाली दिक्कतों से बचा जा सके।

Share this story