Varanasi Weather : वाराणसी में 5.5 डिग्री पर पारा, ठंड और गलन से ठिठुरे लोग, घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते वाराणसी में ठंड और गलन ने बेहाल कर दिया। मंगलवार को वाराणसी में तापमान 5.5 डिग्री पर पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम है। वहीं मंगलवार की रात से ही बुधवार की सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता घटकर काफी कम हो गई और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की ओर से कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार रात न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस था, यानी एक दिन में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहा।

घने कोहरे का असर जनजीवन पर भी साफ नजर आने लगा है। सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रहने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। साथ ही सुबह और देर रात कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह तक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

