Varanasi Weather: तप रही काशी, पारा 45°C के पार, झुलसा रही लू, फिलहाल राहत के नहीं आसार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी में इस सीजन की अब तक की सबसे अधिक गर्मी शनिवार को दर्ज की गई, जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण लू और तपती धूप के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। हालात ऐसे रहे कि दिन की गर्मी का असर रात तक बना रहा और लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

123

23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा न्यूनतम तापमान 
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार पहली बार न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे रातें भी गर्म हो गई हैं। तेज धूप के कारण सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।

123

सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पारा
अप्रैल महीने में इस तरह की भीषण गर्मी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले वर्ष 2019 में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इस बार तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक बताया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले चार से पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

123

घाटों पर सन्नाटा 
भीषण गर्मी का असर गंगा घाटों पर भी देखने को मिला। दोपहर के समय घाटों पर सन्नाटा छाया रहा, जबकि शाम के समय ही लोगों की आवाजाही बढ़ी। डॉक्टरों ने भी लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

123

हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन को लेकर रहें सावधान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार बढ़ती गर्मी से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और चक्कर जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Share this story