Varanasi weather : बनारस में रात में चलेगी गर्म हवा, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, जानिये कब मिलेगी राहत

वाराणसी। बनारस इस समय तप रहा है। दिन में तीखी धूप और लू झुलसा रही है। वहीं रातें भी गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सूर्यास्त के बाद भी गर्म हवाएं चलेंगी। इससे रात में भी तापमान ऊपर रहेगा। गुरुवार को बनारस प्रदेश में सबसे गर्म रात वाला शहर बन गया। तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने पर मौसम में बदलाव हो सकता है। फिलहाल मौसम ऐसा ही रहने के आसार हैैं।
गुरुवार को तीखी धूप ने बेहाल कर दिया। वाराणसी में दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सूरज ढलने के बाद भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहा। हालांकि रात 9 बजे तक पारा 35 डिग्री के आसपास पहुंचा। दिन में 15-20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से लू चली।
मौसम विभाग ने सूर्यास्त के बाद भी लू चलने के आसार जताए हैं। रात में गर्म हवाएं चलेंगी। इसके चलते रात में भी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। गर्मी और लू के दौर में अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।