Varanasi Weather: वाराणसी में झमाझम बारिश, सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे पारा, कुछ दिनों तक दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन के महीने में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने काशीवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। वहीं गुरुवार की सुबह भी बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई तेज बारिश दोपहर तक जारी रही। शहर में लगभग 51 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई और अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री नीचे लुढ़ककर 31 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया। बारिश के कारण एक ही दिन में वर्षा का घाटा 42 प्रतिशत से घटकर 30 प्रतिशत रह गया।

123

बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रोहनिया, डीआरएम कार्यालय, कैंट रेलवे स्टेशन, बीएचयू, लंका, कमच्छा, अंधरापुल और लहुराबीर समेत कई स्थानों पर सड़कों पर करीब एक फीट तक पानी भर गया। कई कॉलोनियों और गलियों में भी जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के साथ करीब 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण रोहनिया क्षेत्र में बिजली के खंभे पर पेड़ गिर गया। हालांकि किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है, लेकिन बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

123

बारिश और जलभराव के कारण शहर की यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। महमूरगंज-मंडुवाडीह मार्ग, गिरजाघर-रथयात्रा मार्ग, रथयात्रा-गुरुबाग मार्ग, लंका-समनेघाट मार्ग और मंडुवाडीह-कंचनपुर मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। गुरुबाग क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा।

123

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

123

123

Share this story