Varanasi Weather: दो दिन बाद तेज बारिश के आसार, 17 से 19 अगस्त तक यलो अलर्ट
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदबाव के क्षेत्र के प्रभाव से वाराणसी में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 17 से 19 अगस्त तक भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने तथा कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

शनिवार को शहर में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। सुबह से ही वातावरण में नमी अधिक रही, जबकि दोपहर में उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि बारिश नहीं होने से गर्मी का असर बना रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदबाव क्षेत्र का असर अगले कुछ दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देगा। 15 और 16 अगस्त को बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 17 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। 17 से 19 अगस्त के बीच जिले में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के यलो अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

