Varanasi Weather: वाराणसी में जमकर बरसे मेघ, मानसून की बारिश का कोटा पूरा, दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
वाराणसी। मानसून की सक्रियता के बाद मंगलवार को हुई बारिश से वाराणसी में इस सीजन की बारिश का कोटा पूरा हो गया। सोमवार को एक दिन में करीब 160 मिलीमीटर बारिश दर्ज होने के 24 घंटे बाद मंगलवार को 17.6 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके साथ ही मानसूनी बारिश औसत के आंकड़े तक पहुंच गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की सक्रियता के चलते अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

इस बार महज 55 दिनों में ही 577 मिलीमीटर के आसपास बारिश दर्ज हो चुकी है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश का आंकड़ा औसत के अनुरूप जरूर पहुंच गया है, लेकिन यह बारिश समान रूप से नहीं हुई। कम समय में हुई अत्यधिक बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मानसून की ट्रफ लाइन काशी के ऊपर से गुजर रही है। इसके चलते अगले एक दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, बुधवार को बारिश नहीं होने के कारण दिन में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया।

