Varanasi Weather: वाराणसी में बढ़ेगी गर्मी की तपिश, चलेगी लू, 47 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
वाराणसी। आंधी और बारिश के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले छह दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है और अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दिन का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा, लेकिन दिन में करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं के कारण लोगों को तेज गर्मी का एहसास हुआ। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में गर्म हवाओं के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद अब प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ेगी। वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है। बताया कि दो दिन बाद वाराणसी में लू की चपेट में आने की आशंका है। अगले छह दिनों में तापमान में लगभग 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 20 मई तक दिन का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

