Varanasi weather: काशी में बढ़ेगा गर्मी का कहर, 19 मई को ऑरेंज अलर्ट, 23 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना
वाराणसी। भीषण गर्मी और प्रचंड लू का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि तथा तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। 19 मई को लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। वहीं तपिश से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि इस वर्ष मानसून 23 जून तक वाराणसी पहुंच सकता है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के आगमन की वास्तविक स्थिति केरल में उसके प्रवेश के समय पर निर्भर करेगी।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17, 18, 20 और 21 मई को लू का यलो अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि 19 मई को मौसम अधिक गंभीर रहने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। दोपहर के समय तेज धूप और लू के कारण आमजन को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था। दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग बेहाल नजर आए। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग छांव व ठंडे स्थानों का सहारा लेते दिखे।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 6 से 8 दिनों तक तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान लू चलने के प्रबल आसार हैं। उन्होंने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में मानसून पहुंचने की संभावित तिथियां भी जारी की हैं। विभाग के अनुसार मानसून 26 मई तक केरल तट पर दस्तक दे सकता है। इसके बाद उसकी प्रगति के आधार पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन का अनुमान लगाया जाएगा। वाराणसी में मानसून की संभावित तिथि 23 जून मानी जा रही है।
प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यदि मानसून समय से केरल पहुंचता है तो पूर्वांचल में भी उसके समय पर पहुंचने की संभावना मजबूत होगी। वहीं यदि केरल में मानसून के प्रवेश में देरी होती है तो वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में मानसून भी देर से पहुंच सकता है। फिलहाल भीषण गर्मी और लू के बीच लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें तपती गर्मी से राहत मिल सके।

