Varanasi Weather: वाराणसी में फिर शुरू हुआ गर्मी और तपिश का दौर, दो दिन बाद सक्रिय हो सकता है मानसून
वाराणसी। जुलाई का पहला सप्ताह बीतने को है, लेकिन मानसून की सक्रियता कमजोर होने से वाराणसी सहित पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। तेज धूप और दिनभर चल रही गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। दिन के साथ-साथ रात में भी उमस से राहत नहीं मिलने के कारण लोगों की बेचैनी लगातार बढ़ रही है। दो दिनों तक गर्मी और तपिश से राहत के आसार नहीं है। उसके बाद मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य से अधिक रहने और हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य में मानसून कमजोर बना हुआ है। इसका प्रमुख कारण ओडिशा तट के पास बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली है, जिसके चलते मानसूनी गतिविधियां अपेक्षित रूप से आगे नहीं बढ़ पा रही हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, जब तक मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं होता, तब तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज धूप, उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। हालांकि स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं हल्के बादल छाने की संभावना है, लेकिन इससे तापमान में विशेष गिरावट आने के संकेत नहीं हैं।
दो दिन बाद मानसून सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि आगामी दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होती हैं तो बारिश के साथ तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

