Varanasi Weather: मई में पहली बार तापमान 40 डिग्री के पार, धूप की तपिश और गर्मी ने किया बेहाल, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। मई महीने में पहली बार मंगलवार को वाराणसी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि के आसार जताए हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

मंगलवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। सुबह 10 बजे तक ही तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था, जबकि शाम सात बजे तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस बना रहा। रात 10 बजे के बाद भी तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही कम रही। गंगा घाटों पर भी दोपहर के वक्त सन्नाटा पसरा रहा।

