Varanasi Weather: काशी में कोहरे की दस्तक, घने कोहरे का यलो अलर्ट, पछुआ हवा से गिरेगा तापमान
वाराणसी। मौसम में बदलाव के साथ ही काशी में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह के समय कोहरे और धुंध की चादर दिखाई देने लगी है। सोमवार को कोहरे के चलते दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके चलते सुबह के समय सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। विशेषकर वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम में आए इस बदलाव के साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं। सुबह के समय कोहरा और धुंध बने रहने से दृश्यता में कमी आ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

