Varanasi Weather: वाराणसी में मौसम में उतार-चढ़ाव, आंधी-बारिश के आसार, गर्मी से राहत
वाराणसी। पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को गुरुवार को मौसम में आए बदलाव से राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और करीब 11 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम के इस अचानक बदले रुख से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई। मौसम विशेषज्ञों ने अगले एक-दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 4.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। तापमान में आई गिरावट के कारण दिनभर मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं तो कभी बादलों की आवाजाही और बारिश से मौसम राहतभरा हो जा रहा है। गुरुवार को चली तेज हवाओं और बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ी, जिससे गर्मी का असर कम हुआ।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इसके बाद पुनः धूप तेज होने और तापमान में वृद्धि की संभावना बनी हुई है।

