Varanasi Weather: वाराणसी में मौसम में उतार-चढ़ाव, अचानक बदला मौसम, आंधी के साथ बूंदाबांदी, जानिये इस सप्ताह के मौसम का हाल
वाराणसी। मानसून की विदाई के बीच सोमवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तेज हवा, गरज-चमक और बूंदाबांदी ने लोगों को चौंका दिया। करीब 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जबकि कॉलोनियों में कई घरों के टिनशेड भी उड़ गए।

बिजली के पोल टेढ़े होने और तार टूटने से कुछ इलाकों में आपूर्ति बाधित रही। करीब आधे घंटे बाद हवा की रफ्तार कम होने पर स्थिति सामान्य हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। इस सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी के दौर में वातावरण में नमी बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। दिन में धूप और बादलों की आवाजाही के बीच शाम या रात में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा भी चल सकती है। तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन बादल और बारिश के कारण दिन के तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।
सोमवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस सप्ताह मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है।

