Varanasi Weather : अलनीनो हुआ सक्रिय, भीषण गर्मी के आसार, मार्च में ही पारा पहुंच सकता है 40 डिग्री के पार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। इस बार गर्मी का असर कुछ अधिक ही रहने वाला है। मार्च से ही इसके संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अलनीनो की सक्रियता और पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने की वजह से मार्च में गर्मी बढ़ रही है। माह के आखिरी सप्ताह तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। 

123

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय अलनीनो के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। अगले कई दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ेंगी और तापमान तेजी से बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च के अंतिम सप्ताह तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

शनिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.5 डिग्री अधिक 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हवा की रफ्तार करीब 11 किमी प्रति घंटे रही, जिससे दिन में गर्मी का प्रभाव और बढ़ गया। आने वाले पांच दिनों में तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

Share this story