Varanasi Weather: कल से और तपेगी धरती, दो दिन लू का रेड अलर्ट, गर्मी से नहीं मिलेगी राहत
वाराणसी। मई महीने के अंतिम दिनों गर्मी सितम ढा रही है। कल से नौतपा शुरू होगा। ऐसे में नौ दिनों तक सूरज की तपिश और बढ़ेगी। मौसम विभाग की ओर से 24 और 25 मई के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 26 और 27 मई के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जो दो जून तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस लोगों को बेहाल कर सकती है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

रविवार को भी तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान दिखे। शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया और यह 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले सप्ताह तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है।

